बोड़ेगांव महाआरती: 26 पंथों की सहभागिता, मॉडल जैतखाम व डोम शेड हेतु स्वीकृत अनुदान

Editor
By Editor 4 Min Read

भक्तों ने गुरु घासीदास बाबा के सात संदेशों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया

बोड़ेगांव में 21वें सप्ताह की भव्य महाआरती : 26 पंथी दलों की सहभागिता, मॉडल जैतखाम हेतु 5 लाख एवं डोम शेड के लिए 2 लाख की स्वीकृति

सतनाम बालवीर पंथी नृत्य दल एवं ग्राम बोड़ेगांव सतनामी समाज द्वारा 14 जुलाई 2025 से हर सोमवार आयोजित विशेष पूजा-अर्चना में इस सप्ताह भी प्रदेशभर से कलाकारों ने निभाई सहभागिता ।

भिलाई, बोड़ेगांव, सतनाम बालवीर पंथी नृत्य दल एवं ग्राम बोड़ेगांव के सतनामी समाज द्वारा 14 जुलाई 2025 से प्रतिम सोमवार प्रारंभ हुई विशेष पूजा, अर्चना एवं महाआरती का 21वां सप्ताह 1 दिसंबर 2025 को अद्वितीय उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। ब्रह्म स्वरूप गुरु घासीदास बाबाजी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेकर इस सप्ताह भी प्रदेश स्तर की 26 पंथी पार्टियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पंथी कलाकार पद्मश्री राधेश्याम बारले, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे एवं जनपद पंचायत सदस्य प्रतिभा देवांगन सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। परंपरा अनुसार आमंत्रित सभी पंथी दलों का ग्रामवासियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया।

21 सप्ताह से जारी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा

14 जुलाई 2025 से शुरू यह राज्य स्तरीय पहल अब एक बड़े सांस्कृतिक आंदोलन का रूप ले चुकी है। हर सोमवार 3 ग्रामों की पंथी पार्टियों को आमंत्रित कर गुरु घासीदास बाबा की पूजा, अर्चना एवं महाआरती आयोजित की जाती है। इससे ग्रामवासियों में सामाजिक समानता, एकता और संस्कारों के प्रति आस्था बढ़ रही है।

समापन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु घासीदास बाबा के उपदेशों का पालन करने, नशामुक्ति, मांसाहार से दूर रहने और सात संदेशों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

इस सप्ताह प्रदेशभर से 26 पंथी दलों की भव्य प्रस्तुति

महाआरती के दौरान कई गांवों से आए पंथी दलों—राजनांदगांव के ठाकुरटोला, उतई, कुरूद भिलाई, बासूला, थनौद, पिटौरा, पिंडीतराई, जरवाय, गोता, खेरधा, कोडिया, बोरसी, अरसनारा, जुनवानी, सुखरी, नारधा, डूमर, चीचा, परसकोल, बिरेभाट, खोपली, कंदाई, अहेरी, समोदा, बोरसी बस्ती और भटगांव—ने पंथी नृत्य, भजन एवं गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

प्रदेश स्तर की यह पहली महाआरती थी जिसमें 26 पंथी दल एक साथ सम्मिलित हुए।

युवाओं द्वारा संचालित अद्वितीय आयोजन

इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसकी पूरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इन युवाओं का उद्देश्य समाज की सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना और उन विभूतियों का सम्मान करना है जो सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।

आर्थिक सहयोग की घोषणा

युवाओं के इस समर्पण को देखकर

  • जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे ने मॉडल जैतखाम निर्माण के लिए 5,00,000 रुपये की स्वीकृति दी।
  • जनपद सदस्य प्रतिभा देवांगन ने डोम शेड निर्माण हेतु 2,00,000 रुपये देने की घोषणा की।

अब तक 50 से अधिक पंथी पार्टियां इस संकल्पित श्रृंखला में अपना योगदान दे चुकी हैं।

विशिष्ट अतिथि एवं ग्राम समुदाय की उपस्थिति

मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, अंतरराष्ट्रीय पंथी कलाकार पद्मश्री राधेश्याम बारले, अंतरराष्ट्रीय कलाकार गौकरण दास बघेल एवं मोहनदास चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि में जनपद सदस्य प्रतिभा देवांगन, सरपंच पप्पी भूपेंद्र टंडन, उपसरपंच रवि प्रकाश ताम्रकार, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

समिति और युवाओं का विशेष योगदान

आयोजन को सफल बनाने में संचालक जोगान्स चेलक तथा कार्यकर्ता अनिल बंजारे, रोशन दास मारकंडे, अजय बंजारे, गोविंदा कोसरे, प्रकाश बंजारे, आशीष सोनवानी, धीरज देशलहरे, महेश मारकंडे सहित 50 से अधिक युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article