भिलाई, भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मियों की अग्रणी एवं प्रतिष्ठित सहकारी संस्था,इस्पात कर्मचारी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी लिमिटेड,सेक्टर-6 में आयोजित समारोह में संचालक मंडल के वरिष्ठ सदस्य कुलेश्वर प्रसाद चंद्राकर को उनकी दीर्घ सेवाओं के उपरांत सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसी माह संयंत्र की सेवा से सेवानिवृत्त होने के साथ-साथ उन्होंने संचालक मंडल के अपने दायित्वों से भी अवकाश ग्रहण किया।
इस अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में संस्था के अध्यक्ष बृज बिहारी मिश्र,उपाध्यक्ष अमिताभ वर्मा सहित संचालक मंडल के अन्य सम्मानित सदस्य नीरजा शर्मा, जे.के.गहिने, विनोद कुमार वासनिक, हरिराम यादव, पवन कुमार साहू, तथा संस्था के प्रबंधक एवं बोर्ड के सचिव एम. मुरलीधर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अध्यक्ष बृजबिहारी मिश्र ने चंद्राकर के लंबे कार्यकाल,उनकी निष्ठा,पारदर्शिता और संस्था के विकास में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया। सदस्य नीरजा शर्मा ने कहा कि चंद्राकर ने न केवल एक जिम्मेदार पदाधिकारी के रूप में कार्य किया,बल्कि संस्था के मूल्यों और सहकारिता की भावना को भी सदैव जीवंत रखा। उनके मार्गदर्शन में संस्था ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कीं और सदस्यों का विश्वास मजबूत हुआ। श्री चंद्राकर के सहज व्यवहार, सहयोगी दृष्टिकोण और कर्मठता की सराहना करते हुए सदस्य जे.के.गहिने सहित अन्य वक्ताओं ने उन्हें संस्था का प्रेरणास्रोत बताया। अपने उद्बोधन में श्री चंद्राकर ने संस्था, संचालक मंडल और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में उन्हें स्मृति-चिन्ह, शाल एवं श्रीफल तथा पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।


