पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में कहा
रायपुर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार पर किसानों, कानून-व्यवस्था और शराब नीति को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार को 75 दिनों तक धान खरीदी करनी थी, लेकिन केवल 53 दिनों में ही खरीदी बंद कर दी गई, जिससे लाखों किसान धान बेचने से वंचित रह गए। हजारों किसानों को टोकन नहीं मिला और जिनको मिला, उन पर भी आधा धान बेचने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि सरगुजा, बस्तर, कांकेर सहित कई जिलों के दौरे में किसानों ने अपनी पीड़ा बताई। किसान प्रदर्शन कर रहे थे और मुख्यमंत्री नौका विहार में व्यस्त थे। जिन किसानों ने कर्ज लिया था, उनका भी धान नहीं खरीदा गया। सवाल यह है कि अब सरकार उनसे ऋण वसूली कैसे करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पूरी तरह विफल हो चुकी है और इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है।
शराब नीति पर भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद शराब दुकानों की संख्या बढ़ा दी गई और अब कीमतें भी बढ़ाई जा रही हैं। इससे प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब केंद्र और पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी भाजपा की सरकार है, तो प्रदेश में ड्रग्स और गांजा कहां से आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ को “उड़ता छत्तीसगढ़” बना रही है।
कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्री विजय शर्मा से हालात नहीं संभल रहे हैं। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है। राजिम तनाव मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि बीरनपुर की घटना के समय मंत्री वहां गए थे, तो क्या राजिम जाएंगे।


