रायपुर में बड़ी कार्रवाई: सूदखोर रोहित तोमर के ऑफिस पर चला बुलडोजर

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर। शहर में कुख्यात सूदखोर और फरार हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम रविवार सुबह भट्ठागांव साईं नगर स्थित रोहित तोमर के दफ्तर को तोड़ने के लिए पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि रोहित तोमर ने अपने दफ्तर को पत्नी के नाम से खोल रखा था, जहां से वह और उसका भाई वीरेंद्र तोमर अवैध रूप से सूदखोरी का काम संचालित करते थे। लंबे समय से फरार चल रहे दोनों भाइयों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई को देखते हुए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, रोहित और वीरेंद्र वर्षों से लोगों को ऊँचे ब्याज पर कर्ज देकर अवैध वसूली करते आ रहे थे।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह दफ्तर अवैध निर्माण के अंतर्गत आता है और बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था। इसी आधार पर इसे तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, तोमर बंधुओं की कई अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उन पर भी कार्रवाई हो सकती है।

Share This Article