अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने की पूर्व सीएम और पूर्व एचएम से मुलाकात
भिलाई, होली पर्व के अवसर पर भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के निवास पर बुधवार, 4 मार्च को होली मिलन समारोह का रंगारंग आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर होली खेली। सभी ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया और बधाई दी। फाग गीत और होली के फिल्मी गानों पर सभी ने जमकर ठुमके लगाए। अध्यक्ष चंद्राकर भी अपने आप को रोक नहीं पाए। नगाड़े और ढोल की धुन पर वह भी खूब नाचे।
समारोह के विशिष्ट अतिथि थे रिसाली नगर निगम के सभापति केशव बंछोर। उनके पहुंचने पर अध्यक्ष चंद्राकर एवं कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ से स्वागत किया और गुलाल लगाकर होली की शुरुआत की। धमाल मचाने के लिए नगाड़े और ढोल का इंतजाम था। फाग गीत और होली के फिल्मी गीतों पर कमेटी के पदाधिकारी खूब झूमे, खूब नाचे।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि यह त्यौहार सिर्फ रंगों का नहीं बल्कि भाईचारे, अपनापन, प्यार और सौहार्द का संदेश देता है। यहां कार्यक्रम समापन के पश्चात कमेटी के सभी पदाधिकारी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई तीन स्थित निवास पहुंचे और वहां उन्होंने मुख्यमंत्री को रंग गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री बघेल ने सभी पदाधिकारियों को होली पर्व की बधाई दी। बघेल के निवास से निकलने के पश्चात सारे पदाधिकारी पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के निवास पर पहुंचे और उन्हें रंग लगाकर उनका आशीर्वाद लिया।


