भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को सोमवार को शासकीय स्विमिंग पूल (तरण ताल) की सौगात मिली। भिलाई-तीन सिरसा गेट के समीप निर्मित इस तरण ताल का औपचारिक शुभारंभ महापौर निर्मल कोसरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर, एमआईसी सदस्य, वार्ड पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तरण ताल का संचालन निजी एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। इससे रखरखाव बेहतर होगा और लोगों को सुव्यवस्थित सेवाएं मिल सकेंगी।
भिलाई-चरोदा नगर निगम द्वारा इस तरण ताल का निर्माण लगभग 60 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इसका लोकार्पण वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करकमलों से हुआ था। हालांकि, कुछ तकनीकी खामियों के कारण अब तक इसका उपयोग शुरू नहीं हो पाया था। आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद अब इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर ने इस अवसर पर कहा कि भिलाई-चरोदा क्षेत्र में अब तक बच्चों और युवाओं के लिए स्विमिंग की कोई समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं थी। तरणताल के शुरू होने से नगर निगम के सभी 40 वार्डों के नागरिक इसका लाभ उठा सकेंगे।
महापौर ने आगे कहा कि यह नगर निगम की एक महत्वपूर्ण बहुउद्देशीय परियोजना है, जिसे अब जनता को समर्पित कर दिया गया है। बेहतर रखरखाव, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए इसे निजी एजेंसी को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि सामान्य सभा में तरण ताल से जुड़े विभिन्न मांगलिक व अन्य उपयोगों को भी एजेंसी को देने की स्वीकृति पूर्व में दी जा चुकी है। यदि इसका संचालन सीधे निगम द्वारा किया जाता, तो व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ सकती थीं। इसी कारण एजेंसी के माध्यम से संचालन का निर्णय लिया गया है।


