भिलाई-03 उर्सपाक आयोजन के दौरान रात्रिकालीन भारी वाहनों के लिए परिवर्तित यातायात व्यवस्था लागू

Editor
By Editor 2 Min Read

यातायात व्यवस्था 17 मई से 20 मई 2026 तक रात्रि अवधि के लिए प्रभावी रहेगी

भिलाई, भिलाई-03 स्थित मजार में आयोजित होने वाले उर्सपाक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विशेष यातायात प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था 17 मई से 20 मई 2026 तक रात्रि अवधि के लिए प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार आयोजन अवधि में रात्रि के समय डबरापारा से सिरसागेट चौक मार्ग पर दोनों ओर से भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान सिरसा गेट चौक से भारी वाहनों को उमदा मार्ग की ओर तथा डबरापारा क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को हथखोज मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

आम नागरिकों की सुविधा हेतु पृथक पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। भिलाई एवं पावर हाउस क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए बिजली ऑफिस एवं दशहरा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार सिरसागेट चौक एवं कुम्हारी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भिलाई-03 रेलवे स्टेशन एवं राम मंदिर परिसर में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

आयोजन के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू एवं सुरक्षित बनी रहे।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, अनावश्यक रूप से आयोजन स्थल के आसपास वाहन पार्किंग से बचें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

Share This Article