छत्तीसगढ़ के 101 पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी से रंग जमाया देशभक्ति का, अभिनेता अनुपम खेर भी खुद को रोक नहीं पाए तारीफ करने से
भिलाई। प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर ने छत्तीसगढ़ के लोकवाद्य संग्राहक रिखी क्षत्रिय और उनके समूह की प्रस्तुति को खूब सराहा। अभिनेता अनुपम खेर ने इस प्रस्तुति की न सिर्फ खुल कर तारीफ की बल्कि अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर भी किया। मौका था छतरपुर (मध्य प्रदेश) में आयोजित 11वें खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल का। रिखी क्षत्रिय व उनके समूह को इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल में दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की ओर से भेजा गया था। जहां रिखी क्षत्रिय ने अपने समूह के साथ छत्तीसगढ़ लोक बैंड के तहत 101 पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों की अनूठी जुगलबंदी पेश की, जिसमें पारंपरिक धुनों एवं देशभक्त गीतों की प्रस्तुति समूह ने दी। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के शिल्पग्राम परिसर में आयोजित यह समारोह दिवंगत प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता द्वय धर्मेन्द्र और असरानी को समर्पित था।


