मृतक अमित साहनी और सचिन यादव अपने दोस्तों के साथ मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन कर लौट रहे थे
भिलाई। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र के मुंदगांव के पास शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार टाटा योद्धा मालवाहक वाहन और स्पोर्ट्स बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतक युवक अमित साहनी (निवासी कृष्णा नगर) और सचिन यादव (निवासी कुरूद, भिलाई) अपने दोस्तों के साथ मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन कर लौट रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर गति नियंत्रण और पुलिस गश्त का अभाव है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजामों की मांग की है।