भिलाई। भिलाई-3 स्थित व्यस्त सिरसा चौक पर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसमें रायपुर निवासी एक युवक ट्रक की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। घायल की पहचान कोमल साहू के रूप में हुई है, जो वर्तमान में एम्स रायपुर में भर्ती है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। कोमल साहू मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीजे 4258) से दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिरसा चौक पर रेड सिग्नल के दौरान एक ट्रक आगे बढ़ रहा था, जबकि उसके समानांतर दूसरा ट्रक सिग्नल ग्रीन होने की प्रतीक्षा में खड़ा था। इसी बीच बाइक सवार दोनों ट्रकों के बीच से निकलकर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगा।
बताया जा रहा है कि रेड सिग्नल के बावजूद आगे निकलने की कोशिश में युवक धीरे-धीरे बढ़ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर लगते ही वह मोटरसाइकिल सहित पास खड़े ट्रक के पहिए के नीचे जा गिरा। इसी दौरान सिग्नल हरा होने पर ट्रक आगे बढ़ने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को रुकने का इशारा किया।
सूचना मिलते ही डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।

सिरसा चौक पर रेड सिग्नल जम्पिंग आम
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिरसा चौक पर फ्लाईओवर नहीं होने से यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। इसके बावजूद कई वाहन चालक रेड सिग्नल की अनदेखी कर आगे निकलने की कोशिश करते हैं। सर्विस लेन से आने-जाने वाले वाहनों द्वारा सिग्नल तोड़ना आम हो गया है, जिससे न केवल जाम की स्थिति बनती है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद नियमों की अवहेलना चिंता का विषय बनी हुई है।


