महाराष्ट्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ललित चंद्राकर ने समाज को हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
भिलाई, भिलाई-दुर्ग परिक्षेत्रीय महरा समाज का वार्षिक सामाजिक पारिवारिक मिलन समारोह महाराष्ट्र भवन, सेक्टर-4 में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों के साथ दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के माननीय विधायक ललित चंद्राकर (भाजपा) मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्राकर ने महरा समाज को हरसंभव सहयोग देने तथा भविष्य में भी निरंतर साथ निभाने का आश्वासन दिया। उन्होंने परिक्षेत्र की समस्त सामाजिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु सामाजिक भवन की मांग को पूरा करने का भरोसा दिलाया। विधायक ने समाज को संगठित रखने के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। समाज की मजबूती ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होती है।
सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों ने बांधा समां
सामाजिक आयोजन में समाज के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों, बड़ों एवं महिला-पुरुषों ने आकर्षक कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर खूब आनंद उठाया। प्रतिभावान बच्चों ने सुमधुर गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया, वहीं महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समाज को जोड़कर रखने पर दिया गया जोर
परिक्षेत्रीय अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोई भी समाज सहयोग, समरसता और सेवा की भावना से ही आगे बढ़ता है। समाज को जोड़कर रखना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को लेकर भिलाई-दुर्ग परिक्षेत्र झरिया महरा समाज निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का संचालन सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिला शक्ति द्वारा किया गया। समारोह में समाज के परिक्षेत्रीय पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य सामाजिकजन उपस्थित रहे।
दूर-दराज से रही उल्लेखनीय सहभागिता
रुआबांधा बस्ती, केम्प क्षेत्र, कुर्सी पार सहित दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं की उपस्थिति कार्यक्रम की विशेषता रही। आयोजन सौहार्द, एकता और सामाजिक समरसता का सशक्त उदाहरण बना।


