रायपुर, छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के मंगला स्थित शिक्षक कालोनी में प्रेम संबंध के विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना को जन्म दिया। किराए पर रहने वाले कामता प्रसाद मधुकर (25) ने अपनी प्रेमिका श्रुति सूर्यवंशी को व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया, जिससे नाराज श्रुति मंगलवार सुबह सीधे कामता के कमरे पहुंची और चाकू से हमला कर दिया। घटना में कामता की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कामता रतनपुर क्षेत्र के कर्रा में एक होटल में कार्यरत थे। दोनों का करीब एक साल से प्रेम प्रसंग था, लेकिन शादी को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को कामता द्वारा व्हाट्सएप ब्लॉक करने पर श्रुति नाराज हो गई। मंगलवार सुबह उसने ब्लॉक हटाने की मांग की। मना किए जाने पर उसने मोबाइल लूटने का प्रयास किया और असफल होने पर चाकू उठाकर कामता के सीने पर वार कर दिया।
घटना की आवाज सुनकर पास के कमरे में रहने वाले अन्य युवक मौके पर पहुंचे और श्रुति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया और शव कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रही है और आसपास के निवासियों से पूछताछ जारी है।


