भिलाई । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोढ़ी में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए आनंद मेला का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर उत्सव, उमंग और उल्लास से भरपूर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा भिलाई जिला के प्रवक्ता प्रेम लाल साहू उपस्थित रहे। अध्यक्षता डा. जीआर वर्मा अध्यक्ष, शाला विकास समिति ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एकता साहू, ग्राम गोढ़ी की सरपंच अन्नपूर्णा साहू, भाजपा मुरमुंदा मंडल के महामंत्री भोजराज साहू, पूर्व सरपंच गोपी साहू एवं निर्मला साहू, सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष दिनेश साहू तथा प्राचार्या अनीता मरकाम उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रेम लाल साहू ने कहा कि आनंद मेला जैसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाते हैं। यह शिक्षा को किताबों से आगे लेकर जीवन से जोड़ता है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डा. जीआर वर्मा ने कहा कि ऐसे नवाचारपूर्ण आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। आनंद मेले में विद्यार्थियों ने खाद्य स्टॉल, खेल गतिविधियां, रचनात्मक प्रदर्शन और शैक्षणिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की, जिन्हें अभिभावकों और आगंतुकों ने सराहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक और शाला विकास समिति ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। संचालन शिक्षक कमलेश जोशी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या अनीता मरकाम ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षकगण, पालक और ग्रामीण उपस्थित रहे।



