हादसे में अहिवारा विधायक कोर्सेवाडा के स्वजन बाल बाल बचे

Editor
By Editor 2 Min Read

तेज रफ्तार हाईवा ने मारी कार को ठोकर

भिलाई, रविवार की दोपहर करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार हाईवा की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा के पोता पोती सहित ड्राइवर व एक अन्य सहित पांच लोग घायल हो गए। घटना को लेकर उपरवाह करेला पारा वार्ड क्रमांक 15 निवासी कार चालक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चालक अपनी कार क्रमांक सीजी-07-बीसी-1197 से रिश्तेदार सुजल कोर्सेवाडा, आदिती, स्वाती एवं जानवी के साथ रायपुर जा रहा था। डबरा पारा ब्रिज चढ़ने से पहले हाईवा ट्रक क्रमांक सीजी-10 बीडब्ल्यू-4690 का चालक तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बार-बार ओवरटेक कर रहा था। कार चालक द्वारा इशारों में धीरे चलाने को कहा गया, लेकिन हाईवा चालक ने अनदेखी करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चलाना जारी रखा।

बताया गया कि जब कार भिलाई-03 स्टेशन के सामने फोरलेन पर बिजली नगर पुलिया के पास पहुंची, तभी पीछे से हाईवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कार घूमकर ट्रक के सामने आ गई। आरोप है कि रुकने के संकेत के बावजूद हाईवा चालक नहीं रुका और जानबूझकर दोबारा कार को टक्कर मारते हुए उसे डिवाइडर की ओर धकेल दिया, जिससे कार पलट गई।

हादसे में कार चालक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। वहीं सुजल कोर्सेवाडा के हाथ में, जानवी के सिर में तथा स्वाती और आदिती को भी चोटें आईं। घटना के समय पीछे से आ रहे भाजपा पदाधिकारी दिलीप पटेल और मुकेश अग्रवाल ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और उनकी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार समय पर मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना लापरवाह और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के कारण हुई प्रतीत होती है।

Share This Article