कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने देश के प्रथम ‘साथी बाजार’ का किया भूमिपूजन

Editor
By Editor 2 Min Read

60 करोड़ की लागत से बनेगा अधोसंरचना परिसर, किसान कल्याण हेतु चार एमओयू संपन्न

दुर्ग, 20 फरवरी, राम विचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में आज बीज निगम प्रक्षेत्र रूआबांधा, भिलाई में देश के प्रथम ‘साथी बाजार’ अधोसंरचना निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजेन्द्र यादव ने की, जबकि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह परिसर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

साथी बाजार के अंतर्गत कृषक स्व-सहायता समूहों एवं एफपीओ को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक बेचने के लिए मंडी सुविधा, 5000 मीट्रिक टन क्षमता का कोल्ड स्टोरेज, प्रसंस्करण इकाइयाँ तथा एग्रीमॉल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही कृषक सहायता केंद्र के माध्यम से आधुनिक तकनीक, उपकरण किराये पर उपलब्ध कराने और परीक्षण सुविधा दी जाएगी। परिसर में सुपर बाजार, स्पेशल प्रमोशन जोन, रेस्टोरेंट व अन्य विक्रय काउंटर भी विकसित किए जाएंगे, जिससे राज्य की शासकीय इकाइयों एवं स्वदेशी उद्यमों को भी मंच मिलेगा।

कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि नवाचार हेतु चार एमओयू भी संपन्न हुए। इनमें सेरीक्रॉफ्ट फाउंडेशन रायपुर द्वारा शहतूत आधारित कोसा उत्पादन, कवरक्रॉफ्ट इंश्योरेंस प्रा.लि. द्वारा बीमा सुरक्षा, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा ग्रामीण प्रौद्योगिकी व उद्यमिता प्रशिक्षण तथा श्री बलराम कृषि को-ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा फसल विविधीकरण व बायोगैस पहल शामिल है।

मुख्य अतिथि राम विचार नेताम ने इसे किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह पहल किसानों को उचित मूल्य दिलाने और नवाचार को बढ़ावा देने में सहायक होगी। अध्यक्षीय संबोधन में गजेन्द्र यादव ने कहा कि दुर्ग जिले के किसान उन्नत तकनीक अपनाने में अग्रणी हैं और साथी बाजार से उनकी आय में वृद्धि होगी। समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Share This Article