“भिलाई में अग्रवाल युथ क्लब की सराहनीय पहल, स्कूल में तकनीकी शिक्षा का आगाज”
भिलाई। अग्रवाल युथ क्लब भिलाई द्वारा AYC केयर के माध्यम से आज सरस्वती शिशु मंदिर, न्यू खुर्शीपार में एक प्रेरणादायक सामाजिक पहल करते हुए विद्यालय के हाल का जीर्णोद्धार एवं 4 कंप्यूटरों से सुसज्जित डिजिटल लर्निंग सेंटर का भव्य शुभारंभ किया गया। यह शुभारंभ समाजसेवी नेतराम अग्रवाल, सत्यनारायण अग्रवाल, ओमप्रकाश सिंगानिया एवं सुंदर बंसल के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अग्रवाल सेवा समिति न्यू खुर्शीपार के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी रतन अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही हाउसिंग बोर्ड से राकेश अग्रवाल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी नेतराम अग्रवाल एवं संतोष अग्रवाल ने विद्यालय को एक-एक अतिरिक्त कंप्यूटर देने की घोषणा की एवं विद्यालय को सुविधायुक्त बनाने के लिए लायंस क्लब के भगवान अग्रवाल ने अपने क्लब की ओर से विद्यालय के बच्चों के लिए दो पानी की टंकियाँ प्रदान करने की घोषणा एवं सभी ने आगे भी विधालय को विकसित बनाने में अपना सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। जिससे विद्यार्थियों को और अधिक सुविधाएँ मिल सकें। इस उदार घोषणा पर सभी समाजजनों ने उनका हृदय से स्वागत किया।
इस डिजिटल लर्निंग सेंटर की स्थापना में अग्रवाल युथ क्लब के अनूप अग्रवाल, अतुल गर्ग, हरीश अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, सुनील जैन एवं श्रीकांत अग्रवाल ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्लब के सह-संस्थापक दिलीप अग्रवाल एवं अमित अग्रवाल की दूरदर्शी सोच और समाजसेवा के प्रति उनकी भावना ने ही इस नेक कार्य को संभव बनाया। उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से यह परियोजना सफलतापूर्वक पूर्ण हुई।
अग्रवाल युथ क्लब के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि AYC केयर का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सार्थक योगदान देना है। विद्यालय प्रबंधन ने अग्रवाल युथ क्लब की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि यह डिजिटल लर्निंग सेंटर बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ते हुए उनके उज्जवल भविष्य की नींव रखेगा।
सभी उपस्थित समाजसेवियों ने अग्रवाल युथ क्लब के इस सराहनीय कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और आशीर्वचन स्कूल के प्रधान आचार्य गणेश मिश्रा के साथ हुआ।


