पुरानी भिलाई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद
भिलाई। सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹2,00,000 बताई जा रही है, विधिवत जप्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 08 दिसंबर 2025 को प्रार्थी शंकर राव पिपलकर, निवासी चरोदा, पुरानी भिलाई ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे 07 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे पारिवारिक कार्यक्रम में रायपुर गए हुए थे। उसी दिन उनके किरायेदार नए मकान में शिफ्ट होकर सुबह लगभग 9 बजे मकान खाली कर चुके थे।
08 दिसंबर की सुबह पड़ोसियों द्वारा सूचना दी गई कि मकान का ताला टूटा हुआ है। रायपुर से वापस आकर देखने पर पाया गया कि मकान का सामने का प्लाई दरवाजा टूटा हुआ था तथा अंदर रखी लकड़ी और लोहे की आलमारी को भी तोड़ दिया गया था। पूछताछ पर किरायेदार सुभाषचंद स्वर्णकार ने बताया कि उसके कमरे की आलमारी व लोहे की ट्रंक से सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी हो गई है।
चोरी गए सामान में सोने का झुमका, मंगलसूत्र, फूली, अंगूठी, चांदी की पायल, बच्चों का बैग तथा नगद ₹5,000 शामिल थे। वहीं सुभाषचंद स्वर्णकार के कमरे से भी सोने के कान के जेवर, मंगलसूत्र, चांदी की पायल एवं ₹10,000 नगद चोरी होना बताया गया। कुल चोरी की रकम लगभग ₹95,000 आंकी गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 493/25, धारा 331(4), 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध भुवनेश्वर डहरिया उर्फ भक्कू, उम्र 22 वर्ष, निवासी चरोदा, पुरानी भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया तथा नगदी रकम को खर्च कर देना बताया। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग ₹2,00,000 है, बरामद कर विधिवत जप्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


