ग्राम खम्हरिया की 6,244 वर्गफुट कृषि भूमि का फर्जी स्वामित्व बताकर किया था इकरारनामा, अमलेश्वर पुलिस की कार्रवाई
भिलाई, ग्राम खम्हरिया में दूसरे व्यक्तियों के नाम दर्ज कृषि भूमि को स्वयं की बताकर 12 लाख रुपये में बिक्री का सौदा करने के मामले में अमलेश्वर पुलिस ने आरोपी दीपक झा (61) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में आरोपी ने प्रार्थी जयदीप झा (62), निवासी कन्हैयापुरी दुर्ग को खसरा नंबर 667/2 एवं 667/3 की कुल 6,244 वर्गफुट जमीन अपनी बताकर 12 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। इसके लिए 6 दिसंबर 2021 को इकरारनामा भी निष्पादित किया गया था।
जांच में उक्त भूमि रविन्द्र झा एवं पुष्पलता झा के नाम पर दर्ज मिली। धोखाधड़ी की शिकायत पर न्यायालय के परिवाद आदेश से थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 318(4), 320 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 16 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित मारुति विहार का निवासी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से जमीन खरीदने से पहले खसरा, बी-1, नक्शा और स्वामित्व संबंधी राजस्व अभिलेखों की जांच कराने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/accused-arrested-for-selling-land-which-actually-belonged-to-someone-else-by-falsely-claiming-it-as-his-own-for-a-sum-of-12-lakh-rupees/








