भिलाई, रेलवे में नौकरी दिलाने का लालच देकर एक बेरोजगार युवक से 7 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सतीश कुमार मरकाम, पिता भीषम लाल, निवासी ग्राम खोरपा, थाना पाटन जिला दुर्ग का रहने वाला है। आरोपी ने खुद को रेलवे के बड़े अधिकारियों से जान-पहचान होने का हवाला देते हुए युवक को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इस झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपी को कुल 7 लाख रुपये दे दिए।
जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी, तो प्रार्थी ने अपने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। अंततः परेशान होकर पीड़ित ने 1 अप्रैल को नेवई थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी के निर्देशन तथा नेवई थाना प्रभारी अनिल कुमार साहू एवं आरक्षक रवि बिसाई का सराहनीय योगदान रहा।


