दुर्ग पुलिस की कार्रवाई में गांजा सप्लायर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
कुम्हारी, जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। थाना कुम्हारी पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के मामले में फरार चल रहे सप्लायर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम के रूप में 5 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुकदा रोड स्थित सार्थक होम के सामने बिजली ट्रांसफार्मर के पास दो युवक अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था। इसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने गांजा दुर्ग के इंदिरा कॉलोनी, पोटिया रोड निवासी टिकनु नायक (48) से खरीदा था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और 6 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी से गांजा बिक्री की रकम के रूप में 5 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा का संग्रहण और बिक्री करता था।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।






