पुलिस दबाव में संजय पंडित और भीम नारायण पांडेय गिरफ्तार, कुल सात आरोपी अब तक गिरफ्तार
भिलाई, नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर प्रकरण में फरार आरोपी संजय पंडित और भीम नारायण पांडेय ने 13 फरवरी 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस की लगातार दबिश और प्रभावी कार्रवाई के चलते आरोपियों ने समर्पण किया। न्यायालय से दो दिवस के पुलिस रिमांड पर आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है।
प्रकरण की विवेचना 30 जनवरी 2026 को पीड़िता और उसकी माता द्वारा महिला थाना दुर्ग में आवेदन प्रस्तुत करने के बाद शुरू हुई। आवेदन में बताया गया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, नाबालिग होने के बावजूद विभिन्न आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं अंजाम दी।
महिला थाना में अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ बाल संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
इस प्रकरण में पहले चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी अमित वर्मा ने अपने पहचान दस्तावेज़ का उपयोग कर कक्ष बुक कराया, जिससे मुख्य आरोपी को अपराध करने में मदद मिली। इसके आधार पर अमित वर्मा को 12 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
अब तक गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
* विजय स्वाइन, 47 वर्ष, दुर्गा नगर पश्चिम, भिलाई
* अनिल चौधरी, 60 वर्ष, ज़ोन-01, खुर्शीपार
* गोविंद सिंह नागवंशी, 62 वर्ष, चौकड़िया पारा, राजनांदगांव
* कृपा शंकर उर्फ राजू कश्यप, 58 वर्ष, सेक्टर-5, भिलाई
* अमित वर्मा, 47 वर्ष, सेक्टर-10, भिलाई
* संजय पंडित, 42 वर्ष, शांति नगर, दुर्ग (न्यायालय में समर्पण)
* बी.एन. पांडेय, 65 वर्ष, गणपति विहार कॉलोनी, दुर्ग (न्यायालय में समर्पण)
प्रकरण की जांच अभी भी जारी है और पुलिस सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्य संकलित कर रही है।


