दुर्ग, भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अभिषेक शांडिल्य (भा.पु.से.) ने आज दिनांक 23 जनवरी 2026 को पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज के पद का विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ दी गईं।
पदभार ग्रहण उपरांत अभिषेक शांडिल्य ने उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा दुर्ग रेंज की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं समग्र पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही, बेहतर आपसी समन्वय, कार्यकुशलता और जन-विश्वास को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणि शंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा सहित दुर्ग रेंज के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।


