कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम पहुंची मौके पर; कड़ी मशक्कत के बाद शव बरामद, पुलिस को सौंपा
दुर्ग, शिवनाथ नदी के महमरा एनीकेट में सोमवार को एक युवक के डूबने की दर्दनाक घटना सामने आई। कंट्रोल रूम दुर्ग से मिली सूचना के अनुसार, एक व्यक्ति के नदी में डूबने की खबर मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में जवानों ने नदी में सघन सर्चिंग अभियान चलाया।
काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ के जवान चंद्रप्रताप जंघेल, ओंकार, सूरज, शारदा, राजेश यादव, राजेश नेताम, दिलीप, महेश, चंद्रप्रकाश और भूपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।


