होली को शांतिपूर्ण बनाने शांति समिति बैठकों का दौर, निगरानी बदमाशों का बायोमेट्रिक सत्यापन शुरू

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग पुलिस का सख्त संदेश: हुड़दंगी और नशा कारोबारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

भिलाई, होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर नागरिकों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। हुड़दंग, अवैध मादक पदार्थों और शराब की बिक्री, लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन तथा साउंड सिस्टम नियमों के उल्लंघन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशानुसार थाना धमधा, बोरी, लिटिया, जेवरा सिरसा, खुर्सीपार, पुरानी भिलाई, पाटन, उतई, पुलगांव, अंजोरा, नगपुरा, कुम्हारी, रानीतराई और सुपेला क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। शेष थानों व चौकियों में भी बैठकें की जा रही हैं।

निगरानी बदमाशों पर शिकंजा
होली के मद्देनजर निगरानी गुंडा-बदमाशों को थानों में तलब कर उनका बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही बीएनएसएस की धारा 126, 135(3), 128, 129 और 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग या शांति भंग करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन कर विशेष गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी लगातार की जा रही है, ताकि अफवाहों और भड़काऊ संदेशों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य
साउंड सिस्टम के लिए विधिवत अनुमति अनिवार्य होगी तथा रात 10 बजे के बाद इसका उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। मुखौटा, वार्निश पेंट स्प्रे और रासायनिक रंगों के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। होलिका दहन विद्युत तारों के नीचे या नई डामर सड़कों पर नहीं किया जाएगा।

ड्रिंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई
ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी और जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो

आपात स्थिति से निपटने तैयारी
गहरे तालाबों में गोताखोरों की तैनाती तथा एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित मदद पहुंचाई जा सके।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ होली मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Share This Article