समय रहते बाहर निकलने से टला बड़ा हादसा
भिलाई। दुर्ग से पावर हाउस स्थित अपनी दुकान जा रहे एक ज्वेलरी कारोबारी की चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार दो लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग के आदर्श नगर निवासी एस. कुमार सोनी, जिनकी पावर हाउस क्षेत्र में ओम ज्वेलर्स नाम से दुकान है, सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपनी क्रेटा कार (क्रमांक सीजी 07 बीवाय 4510) से दुकान जा रहे थे। वे बीएसपी टाउनशिप मार्ग से सेक्टर-1 मुर्गा चौक पार कर फ्लाईओवर के समीप पहुंचे ही थे कि अचानक कार से धुआं निकलने लगा।
स्थिति भांपते हुए सोनी ने तत्काल वाहन रोक दिया और अपने सहयोगी के साथ बाहर निकल आए। बाहर निकलते ही कार में आग भड़क उठी और वाहन ऑटोमैटिक लॉक हो गया। आग इतनी तेज थी कि कार के दोनों टायर फट गए और सनरूफ तक जल गया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों से मदद और पानी मांगा गया, लेकिन कोई सहायता नहीं मिल सकी। इसके बाद तत्काल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भिलाई इस्पात संयंत्र की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड मुख्यालय नजदीक होने के कारण कार पूरी तरह जलने से बच गई। कुछ और देर होती तो वाहन के केवल अवशेष ही बचते।
बताया जा रहा है कि यह कार महज 25 दिन पहले ही सर्विसिंग के बाद शोरूम से लाई गई थी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर चलती गाड़ियों में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। समय पर सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।


