हुडको में दो टीन गैरेजों में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Editor
By Editor 3 Min Read

एक सिलेंडर में हुआ विस्फोट, तीन वाहनों में लगी आग; कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, कारण अज्ञात

भिलाई,  हुडको क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के सामने बने दो टीन शेड गैरेजों में अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुडको पानी टंकी के पास स्थित दो गैरेजों में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में लपटें ऊंची उठने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने देखा कि दोनों गैरेजों में आग विकराल रूप ले चुकी है। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पहले गैरेज का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां खड़ी कार में लगी आग को बुझाने में जुट गई। इसी दौरान गैरेज में रखे दो सिलेंडर भी मिले, जिनमें से एक सिलेंडर में विस्फोट हो चुका था।

इसके बाद दमकल टीम ने दूसरे गैरेज के दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दो अन्य वाहनों में आग लगी हुई थी। कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।

वीडियो

घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि तीन वाहनों को नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जिला अग्निशमन अधिकारी  नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में सहायक फायर प्रभारी प्रवीण बारा तथा अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव, केशव यादव सहित टीम के सदस्यों रामनाथ कुर्रे, अनंत, जितेंद्र, टिकेंद्र, दीपक यादव, प्रवीन सिन्हा और मुख्तार अली ने मुस्तैदी से कार्य करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों के चलते एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

Share This Article