मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने वारदात को दिया अंजाम
भिलाई। बीएसपी टाउनशिप के सेक्टर-6 सेंट्रल एवेन्यू में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। सुबह करीब 5:00 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले सेक्टर-5, सड़क-2 निवासी एक व्यक्ति पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर उसका मोबाइल लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना इंटक नेता गजेंद्र सिंह के निवास के सामने की बताई जा रही है। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
भिलाई नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत मिश्रा ने बताया कि यह घटना लूट के इरादे से की गई प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने केवल मोबाइल लूटने के लिए वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल तीनों युवक फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।


