भिलाई में मूक-बधिर समुदाय के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का बड़ा कदम

Editor
By Editor 2 Min Read

वित्तीय साक्षरता और व्यवसाय विकास सेमिनार में 170 प्रतिभागियों ने सीखा बचत, निवेश और उद्यमिता के गुर

भिलाई। मूक-बधिर समुदाय को आर्थिक और व्यवसायिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आईसीएआई भवन, भिलाई में “वित्तीय साक्षरता एवं व्यवसाय विकास” विषय पर सफल सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तीसगढ़ डेफ एसोसिएशन (सीडीए) द्वारा आयोजित और भिलाई-दुर्ग वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ द डेफ (बीडीडब्ल्यूएडी) द्वारा आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में लगभग 160-170 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। प्रतिभागी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र से भी पहुंचे।

सेमिनार का उद्देश्य मूक-बधिर समुदाय में वित्तीय साक्षरता बढ़ाना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करना था। कार्यक्रम में बैंकिंग प्रणाली, सरकारी योजनाएँ, बचत और बजट प्रबंधन, म्यूचुअल फंड एवं निवेश, बीमा सुरक्षा, ऋण प्रबंधन और सतत व्यवसाय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।

विशेष वित्तीय वक्ता राहुल गाला, संस्थापक गाला फाइनेंशियल सर्विसेज, ने प्रतिभागियों को सरल और प्रभावी तरीके से वित्तीय ज्ञान साझा किया। प्रतिभागियों ने इसे आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
भिलाई-दुर्ग वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ द डेफ (बीडीडब्ल्यूएडी)ने भविष्य में भी मूक-बधिर समुदाय के विकास और सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Share This Article