भिलाई। भिलाई-तीन थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होने से बच गया। पुरानी भिलाई थाना के प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज की बहादुरी और सूझबूझ से रेलवे कर्मचारी के पूरे परिवार की जान बच गई।
घटना शिक्षक कॉलोनी, नूतन चौक के पास हुई, जहां डीपी दुबे के घर के किचन में खाना बनाते समय एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लग गई।
सिलेंडर में आग लगने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत परिवार ने इसकी सूचना पुरानी भिलाई थाने को दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब वे घर पहुंचे तो किचन में आग फैल चुकी थी। उन्होंने किसी भी देर किए बिना गीले कंबल से आग को काबू में किया और सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला। उनके इस साहस और त्वरित निर्णय के कारण परिवार के चार सदस्यों की जान बच गई।

घटना स्थल संकरा होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के लिए पहुंचना कठिन था। इस स्थिति में थाना प्रभारी ने उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए आग को तुरंत बुझाया। उन्होंने कहा कि यदि थोड़ी देर और होती तो सिलेंडर ब्लास्ट कर सकता था, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।
पुलिस कर्मियों को इस तरह की आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की ट्रेनिंग दी जाती है। अंबर सिंह भारद्वाज ने इसी प्रशिक्षण का उपयोग कर आपात स्थिति में चतुराई और साहस दिखाया। उनकी बहादुरी और सूझबूझ की वजह से भिलाई-3 क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। इस कदम की स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारी परिवार ने भी खुले दिल से सराहना की।


