युवा रचनाकारों को मिलेगा मंच: साहित्य सृजन संस्थान की 43वीं काव्य संध्या
रायपुर, साहित्य प्रेमियों के लिए 22 मार्च, रविवार को राजधानी में एक भव्य साहित्यिक आयोजन होने जा रहा है। साहित्य सृजन संस्थान द्वारा आयोजित 43वीं मासिक काव्य संध्या इस बार विराट कवि सम्मेलन के रूप में आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम सिविल लाइन्स स्थित वृंदावन हॉल में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। इनमें छिंदवाड़ा की दीपशिखा सागर, कोरबा की कविता जैन ‘कुहुक’, छिंदवाड़ा के भोले नेमा ‘चंचल’, भिलाई के आलोक शर्मा, दीपिका ऋषि झा और कवि राजकुमार धर द्विवेदी शामिल हैं।
संस्थान द्वारा प्रतिमाह आयोजित की जाने वाली काव्य संध्या का उद्देश्य युवा रचनाकारों को मंच प्रदान करना और उनके काव्य पाठ को प्रोत्साहित करना है। इस दौरान प्रतिभाशाली कवियों को सम्मानित भी किया जाता है, जिससे साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
संस्थान के अध्यक्ष वीर अजीत शर्मा और महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष ममता खरे ‘मधु’ ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
वृंदावन हॉल में 22 मार्च को विराट कवि सम्मेलन, देशभर के कवि होंगे शामिल


