पदोन्नत सहायक अभियंताओं का भव्य मिलन एवं अभिनंदन समारोह, विद्युत कंपनी प्रबंधन और संघ के प्रति जताया आभार

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई, सुपेला स्थित अमित पार्क होटल में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के 35 पदोन्नत कनिष्ठ अभियंताओं के सहायक अभियंता बनने के उपलक्ष्य में मिलन एवं अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन लंबे समय से लंबित पदोन्नति मिलने की खुशी साझा करने, इस उपलब्धि का उत्सव मनाने तथा कंपनी प्रबंधन और अभियंता संघ के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अभियंता और अधिकारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम में डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, कार्यपालक निदेशक वी. के. साय, मुख्य अभियंता (दुर्ग क्षेत्र) संजय खंडेलवाल, मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) एम. जामुलकर तथा डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष श्रीकांत बड़गैंया सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों और अभियंताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने पदोन्नत अभियंताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने कहा कि विद्युत सेवा एक अत्यंत महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवा है, इसलिए अभियंताओं का दायित्व है कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर और विश्वसनीय विद्युत सेवा प्रदान करना ही विभाग की प्राथमिकता है और सभी अभियंताओं को इस दिशा में समर्पित होकर कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में सुरजीत कुमार गुप्ता और ज्योत्सना राव ने कहा कि यह उपलब्धि सहज नहीं थी, बल्कि प्रबंधन के सकारात्मक दृष्टिकोण और संघ के लंबे समय तक किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्रीकांत बड़गैंया और अन्य पदाधिकारियों द्वारा प्रबंधन से लगातार संवाद और प्रयासों के कारण यह पदोन्नति संभव हो सकी, जिससे प्रदेशभर के अभियंताओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों में महेश्वर टंडन, अविनाश दुबे, भूपेश वर्मा, राजेंद्र गिरी गोस्वामी, तनोज मित्रा, सीमा बघेल, श्रद्धा दिल्लीवार, स्वेता वर्मा, शैलेन्द्र दुबे, शैलेश पाटले, निर्मल कुर्रे और उत्तम सोनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी पदोन्नत अभियंताओं ने कंपनी प्रबंधन और संघ के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन अलका जोशी और सारदा देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शादाब अहमद ने किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी अभियंताओं के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है तथा सभी नवपदोन्नत सहायक अभियंता विभाग द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

समारोह में अम्बिकापुर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अभियंताओं ने भाग लिया। हाल ही में पदोन्नत सहायक अभियंता कमल किशोर देशमुख, संदीप वर्मा, हेमंत देशमुख, किशोर गुप्ता, धर्मेंद्र देवांगन और शिप्रा देवांगन सहित अन्य अभियंताओं के सहयोग से यह आयोजन सौहार्द, एकता और उपलब्धि के उत्सव के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Share This Article