भिलाई। जयंती स्टेडियम के पास दोपहर करीब एक बजे एक सनसनीखेज घटना घटी, जब बागेश्वर धाम के बाबा पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के काफिले के वाहन के सामने एक भक्त पहुंच गया। इससे डिफेंडर कार और दो इनोवा वाहन आपस में भिड़ गईं। हांलाकि इस दौरान चालकों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और वाहन की सामने का हिस्सा कुछ छतिग्रस्त हुआ ।
घटना के समय वाहन में पंडित शास्त्री, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और अन्य लोग सवार थे। हालांकि सभी सुरक्षित रहे, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना को देखते हुए पंडित शास्त्री ने लोगों से अपील की कि इस तरह वाहन के सामने अचानक न आएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।
ज्ञात हो कि जयंती स्टेडियम के सामने मैदान में हनुमंत कथा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त और श्रद्धालु मौजूद थे। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के बावजूद यह घटना हुई, जो एक चेतावनी के रूप में सामने आई। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपने भक्तों से कहा कि वाहन और काफिले के रास्ते में अचानक आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती है और सभी से शांति व अनुशासन बनाए रखने की अपील की।


