महिला के दस्तावेजों से करोड़ों की साजिश: बैंकों से फर्जी ऋण लेकर किया गया बड़ा आर्थिक घोटाला

Editor
By Editor 3 Min Read

अलग-अलग बैंकों से लिए गए लाखों के ऋण

भिलाई,  एक चौंकाने वाले आर्थिक छल के मामले में महिला के नाम पर विभिन्न बैंकों से लाखों रुपये का ऋण लेकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

2006 से 2025 तक चलता रहा फर्जीवाड़ा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चरोदा निवासी 57 वर्षीय अख्तरी बेगम ने थाना पुरानी भिलाई में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2006 से 2025 के बीच उनके नाम और संपत्ति के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर कई ऋण लिए गए।

शिकायत में बताया गया कि मकान निर्माण के सिलसिले में पूर्व परिचित एल. महेश्वर राय को दी गई जानकारी का फायदा उठाकर उनके नाम पर लगभग 20 लाख रुपये का ऋण ले लिया गया। इस ऋण की मासिक किस्त 20,220 रुपये उनके वेतन से कटती रही।

अलग-अलग बैंकों से लिए गए लाखों के ऋण

वर्ष 2021 में भारतीय स्टेट बैंक, पदुम नगर चरोदा से 5,80,000 रुपये तथा फरवरी 2025 में रेलवे अर्बन बैंक से 5,80,000 रुपये का ऋण भी महिला के नाम पर लिया गया। इन ऋणों की मासिक किश्तें क्रमशः 5,400 रुपये और 22,450 रुपये कटती रहीं।

एटीएम और चेक के जरिए निकाली गई रकम

एल. महेश्वर राय के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आरोपी के. साईंवारा (37 वर्ष), निवासी पंचशील नगर चरोदा, ने महिला के बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और मोबाइल सिम अपने कब्जे में रख लिए।

वर्ष 2021 से 2025 के बीच एटीएम और चेक के माध्यम से लगभग 5 लाख रुपये की कूटरचना कर राशि निकाली गई। इसमें से 80,000 रुपये आरोपी ने अपनी माता के खाते में तथा शेष राशि परिचित के खाते में ट्रांसफर की।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार

मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 316(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, चेकबुक और संबंधित बैंक लेनदेन से जुड़े अभिलेख जब्त किए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share This Article