रायपुर, ईस्ट कोस्ट रेलवे में किए जा रहे अपग्रेडेशन कार्य के चलते यात्रियों को कुछ दिनों तक असुविधा का सामना करना पड़ेगा। वाल्टेयर मंडल के रायगड़ा–विजयनगरम सेक्शन में प्रस्तावित उन्नयन कार्य के कारण कई कोचिंग ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसके तहत कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, वहीं कुछ ट्रेनों को गंतव्य से पहले समाप्त एवं प्रारंभ किया जाएगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाखापत्तनम–रायपुर–विशाखापत्तनम पैसेंजर ट्रेन आगामी तीन तिथियों में रद्द रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय इन परिवर्तनों को ध्यान में रखने की अपील की है।
रद्द रहने वाली ट्रेनें:
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 58528 विशाखापत्तनम–रायपुर पैसेंजर दिनांक 05, 12 एवं 19 जनवरी 2026 को पूर्णतः रद्द रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 58527 रायपुर–विशाखापत्तनम पैसेंजर भी इन्हीं तिथियों 05, 12 एवं 19 जनवरी 2026 को रद रहेगी। इन ट्रेनों के रद्द होने से दुर्ग सहित रायपुर संभाग के यात्रियों पर प्रभाव पड़ेगा, जो नियमित रूप से इस पैसेंजर सेवा का उपयोग करते हैं।
गंतव्य से पहले समाप्त एवं प्रारंभ होने वाली ट्रेनें:
अपग्रेडेशन कार्य के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन में भी आंशिक बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 20829 दुर्ग–विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस दिनांक 05, 12 एवं 19 जनवरी 2026 को दुर्ग से चलकर अपने निर्धारित गंतव्य विशाखापत्तनम के बजाय रायगड़ा में ही समाप्त होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 20830 विशाखापत्तनम–दुर्ग वंदे भारत एक्सप्रेस इन तिथियों में विशाखापत्तनम के स्थान पर रायगड़ा से दुर्ग के लिए रवाना होगी।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह परिवर्तन यात्रियों की सुरक्षा एवं भविष्य में बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए जा रहे अपग्रेडेशन कार्य के चलते आवश्यक हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे पूछताछ केंद्र या अधिकृत माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


