स्कूल के पास केमिकल स्टोर पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा जरवाय के सैकड़ों लोगों ने कलेक्टर से की तत्काल बंदी की मांग

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 04 जरवाय में निर्माणाधीन एवं संचालित केमिकल स्टोर कंपनियों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। वार्ड पार्षद भूपेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में ग्राम विकास समिति और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपते हुए इन कंपनियों को तत्काल बंद कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम जरवाय के खसरा नंबर 414/1 व 414/2 में भूमि स्वामी गोविंद कुमार मंडल द्वारा टेथिस केम प्रा. लि. नामक केमिकल स्टोर (वेयरहाउस) का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त खसरा नंबर 683/2 में अंजना मसीह तथा खसरा नंबर 437 में धनीराम अग्रवाल के नाम से केमिकल स्टोर कंपनियां पहले से संचालित हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन कंपनियों से भूजल प्रदूषण का गंभीर खतरा है।

इस मुद्दे पर 26 दिसंबर 2025 को ग्राम विकास समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष मनाेज मढरिया, उमाशंकर, पुनीत राम, सहित रामकुमार साहू, ललिता वर्मा, हेमंत यादव, सरोजनी निषाद, दिलीप पटेल, सीमा साहू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से केमिकल स्टोर कंपनियों को बंद कराने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन केमिकल स्टोर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरवाय के समीप स्थित है, जिससे बच्चों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। दूषित जल के कारण भविष्य में बीमारियों के फैलने की आशंका जताई गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Share This Article