आंगनवाड़ी केंद्रों में वार्ड स्तर पर लगे शैक्षिक स्टॉल, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
रायपुर, परियोजना रायपुर–02 क्षेत्र में मंगलवार को ‘बचपन का उत्सव’ ECCE मेले के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों में शैक्षिक गतिविधियों, बाल प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों एवं पालक सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय वातावरण से भर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग, रायपुर (छत्तीसगढ़) तथा सहयोगी संस्था एडुवीव फाउंडेशन द्वारा संचालित गढ़बो बचपन परियोजना के अंतर्गत ECCE दिवस के आयोजन को एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह मेला रायपुर–02 परियोजना के अंतर्गत आने वाले सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में वार्ड स्तर पर आयोजित किया गया।

मेले में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कविता पाठ, गीत, नृत्य एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया। आंगनवाड़ी केंद्रों द्वारा भाषा विकास, प्रारंभिक गणित, कला एवं रचनात्मक गतिविधियाँ, बाल पुस्तकालय, खेलकूद, शारीरिक विकास तथा स्थानीय व्यंजनों से जुड़े आकर्षक और शिक्षाप्रद स्टॉल लगाए गए, जो बच्चों के साथ-साथ पालकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
बच्चों के अभिभावकों ने गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता की और आंगनवाड़ी केंद्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों को प्रत्यक्ष रूप से देखा। कार्यक्रम में उपस्थित वार्ड पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

अभिभावकों ने बच्चों में बढ़ते आत्मविश्वास, सीखने की रुचि एवं रचनात्मकता को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी ECCE गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहयोग करने की सहमति जताई।
यह आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, महिला एवं बाल विकास अधिकारी यशपाल तथा रायपुर–02 परियोजना अधिकारी सरोजनी चौधरी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की सफलता में रायपुर–02 परियोजना की सभी पर्यवेक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं गढ़बो बचपन टीम के सदस्यों के समर्पण और अथक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि रायपुर–02 क्षेत्र में बच्चों के लिए एक सशक्त, आनंदमय और शिक्षापूर्ण बचपन की मजबूत नींव रखी जा रही है।


