नवंबर के रिटायर कर्मियों को दी गई गरिमामय विदाई
भिलाई। बीएसपी एम्पलाइज कोऑपरेटिव एंड वेलफेयर सोसाइटी लिमिटेड सेक्टर-4 में समारोह का आयोजन कर माह नवम्बर 2025 में भिलाई स्टील प्लांट की सेवा से निवृत्त हुए अपने सदस्य कर्मियों को ससम्मान विदाई दी। इन वरिष्ठ कर्मियों के स्वागत उपरांत सोसाइटी के अध्यक्ष पूरनलाल देवांगन ने सम्मान पत्र, मिठाई, श्रीफल व अंतिम भुगतान का चेक प्रदान कर उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं दी।
देवांगन ने सभी वरिष्ठ कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वरिष्ठ कर्मी न सिर्फ भिलाई स्टील प्लांट बल्कि हमारी सोसाइटी की भी धरोहर है और इनके अनुभवों का हम भविष्य में लाभ लेना चाहेंगे। इस दौरान रिटायर कर्मियों ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए सोसाइटी से अपने लगाव को लेकर उद्गार व्यक्त किए।
ट्रांसपोर्ट एंड डीजल ऑर्गनाइजेशन से सेवानिवृत्त नरेंद्र कुमार रैदास ने कहा कि सेक्टर-4 सोसाइटी ने अपने नाम को सार्थक किया है क्योंकि सोसाइटी का मतलब ही समुदाय होता है और यहां एक ऐसा समुदाय है, जिसे आर्थिक आवश्यकता की पूर्ति के लिए गठित किया गया। उन्होंने कहा कि मैंने अपने सेवाकाल में मोटरसाइकिल, मकान बनाने भूखंड, बच्चों की पढ़ाई से लेकर शादी तक के लिए सोसाइटी से लोन लिया।

पीपीएंडसी से सेवानिवृत्त संजय द्विवेदी ने कहा- मुझे मेरे वरिष्ठ कर्मियों ने सोसाइटी का सदस्य बनाया था। यहां के लोगों का व्यवहार अविस्मरणीय रहा। ब्लास्ट फर्नेस से रिटायर नरेंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने कहा- सेक्टर-4 सोसाइटी की ख्याति चारो ओर है। यहां हर काम त्वरित गति से होता है। सिंटर प्लांट-2 से रिटायर अमृतलाल चंद्राकर ने सोसाइटी के संदर्भ में शेर पढ़े और कहा कि यहां बहुत ही कम समय में कार्य निष्पादित होता है, सहज सरल लोन और सहयोग यहां हमेशा मिला।
मशीन असेंबलिंग एंड रि-इंजीनियरिंग शॉप-1 से रिटायर दीपक कुमार घुड़े ने कहा कि यहां स्टाफ और संचालक मंडल सभी का सहयोगात्मक रवैया रहा। मैंने अपने पूरे सेवाकाल में रायपुर से भिलाई आना-जाना किया और जब भी कोई परेशानी आई तो सेक्टर-4 सोसाइटी सबसे पहले सामने आई।

सिंटर प्लांट-3 से रिटायर के सत्यनारायण रेड्डी ने कहा कि मेरी आर्थिक स्थिति मेरी खराब थी और जब भी मुझे लोन की जरूरत पड़ी तुरंत मिल गया। उन्होंने कहा कि सेक्टर-4 सोसाइटी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। इंस्ट्रूमेंटेशन से रिटायर रवि विक्रम अग्रवाल ने कहा- पहले तनख्वाह कम थी और खर्च ज्यादा था ऐसे में जब सेक्टर-4 सोसाइटी के सदस्य बनें तो बहुत सी आर्थिक जरूरतें सोसायटी के लोन से पूरी होती गईं और कभी आर्थिक अभाव वाली स्थिति नहीं आई। संचालक मंडल सदस्य वेद प्रकाश सूर्यवंशी ने कहा कि रिटायर कर्मियों के उद्गार बताते हैं कि हमारी सोसाइटी ने सदस्यों के बीच किस हद तक विश्वास अर्जित किया है।



