सौम्या चौरसिया अब शराब घोटाले में गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विशेष कोर्ट में बुधवार को होगी पेशी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित लगभग 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने मनी लान्ड्रिंग से जुड़े इस मामले में मंगलवार को सौम्या चौरसिया को समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया था। लंबी पूछताछ के दौरान कई तथ्य सामने आए, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।

सूत्रों के मुताबिक, सौम्या चौरसिया पर शराब कारोबार में अवैध वसूली, कमीशनखोरी तथा सरकारी तंत्र के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि शराब कारोबार से जुड़े अवैध लेन-देन के एक संगठित नेटवर्क की जानकारी पूछताछ में सामने आई है। ईडी को संदेह है कि घोटाले से अर्जित धन को विभिन्न माध्यमों से खपाया गया और इसे वैध रूप देने की कोशिश की गई। ईडी अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान मनी ट्रेल, बैंक लेन-देन और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य सामने आए हैं, जो मामले को और मजबूत करते हैं। गिरफ्तारी के बाद सौम्या चौरसिया को न्यायिक प्रक्रिया के तहत सोमवार सुबह 11 बजे विशेष ईडी कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस दौरान ईडी उनकी रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा सके।

पहले भी जा चुकी हैं जेल
गौरतलब है कि सौम्या चौरसिया इससे पहले भी 570 करोड़ रुपये के कोयला घोटाले के मामले में जेल जा चुकी हैं। लगातार दूसरे बड़े आर्थिक अपराध से उनका नाम जुड़ने के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां या खुलासे हो सकते हैं।

Share This Article