बेटे के प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने की बहू की हत्या, शव सेप्टिक टैंक से मिला

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर। बालोद जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में गुरुवार को उस समय दहशत फैल गई, जब करीब एक महीने से लापता नवविवाहित महिला का शव उसके ही घर के सेप्टिक टैंक में दबा हुआ मिला। मृतका की पहचान 22 वर्षीय कामिनी निषाद के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग एक वर्ष पहले भोजराज पटेल से हुई थी। शादी प्रेम विवाह था, जिसे लड़के का परिवार शुरू से स्वीकार नहीं कर पाया। इसी वजह से घर में लगातार तनाव और विवाद बना रहता था।

कामिनी बीते एक माह से गायब थी। उसके पति भोजराज ने पत्नी की खोजबीन की लेकिन सुराग न लगने पर लोहारा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने गांव के कई लोगों से पूछताछ की, पर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। इसी बीच पुलिस को एक महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसने जांच की दिशा बदल दी। संदिग्ध भूमिका मिलने पर पुलिस ने कामिनी के ससुर जहल पटेल को हिरासत में लिया। कठोर पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।

.पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि प्रेम विवाह से वह बेहद नाराज़ था। शादी के बाद कामिनी उसके घर में रहने लगी थी, जिससे तनाव और बढ़ गया था। घटना वाले दिन जब घर पर कामिनी अकेली थी, तब किसी बात को लेकर उसका ससुर से विवाद हो गया। गुस्से में आकर जहल पटेल ने उसकी हत्या कर दी और शव को घर के सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट भर दिया ताकि किसी को शक न हो। बाद में घर लौटे बेटे को उसने बताया कि कामिनी घर छोड़कर चली गई है। जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के हर सदस्य से पूछताछ की। ससुर के बयान संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने दबाव बढ़ाया और आखिरकार सच सामने आ गया।

Share This Article