शादी का झांसा देकर 32 लाख ठगने वाला दूल्हे राजा गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग। मोहन नगर पुलिस ने गुरुवार को उस ठग को गिरफ्तार कर लिया, जिसने शादी का सपना दिखाकर कई महिलाओं की जिन्दगी और जमा-पूँजी दोनों लूटी थीं। गुजरात निवासी यह आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर चौथी बार दुर्ग की एक महिला के जीवन में घुसा और उससे करीब 32 लाख रुपये ऐंठ लिए। पकड़े जाने के डर से वह लगातार ठिकाना बदल रहा था, लेकिन आखिरकार दुर्ग रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने उसे घेर लिया।

गिरफ्तार आरोपी बीरेन्द्र कुमार सोलंकी (54), मूलत: तारातमा बंगलोत, शिवम पार्क, माधापारा, कच्छ (भुज, गुजरात) का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह पहले ही तीन महिलाओं से शादी कर चुका था, लेकिन अपने वैवाहिक इतिहास को छुपाकर अखबारों में फर्जी विवाह विज्ञापन देता था। इन्हीं विज्ञापनों के जरिए वह निशाना तलाशता और रिश्ते के नाम पर भावनाओं से खेलते हुए लाखों रुपये हड़प लेता था।

वर्ष 2021 में बीरेन्द्र ने दुर्ग की एक महिला से शादी की, जबकि उसने अपनी तीनों पूर्व शादियों की बात छुपा ली। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने “जरूरी खर्च” का बहाना बनाकर फरवरी 2022 में दो लाख रुपये और जनवरी 2024 में छह लाख रुपये कैश ले लिए। यह रकम उसने बैंक से लोन लेकर चुकाई, जिसके ब्याज की मार आज भी वह झेल रही है। यही नहीं, आरोपी ने महिला के गहने गिरवी रखवाकर 1.30 लाख रुपये का गोल्ड लोन भी निकलवाया—और उसकी किश्तें भी महिला ही जमा कर रही है।
2021 से 2024 के बीच आरोपी ने गूगल पे, बैंक ट्रांसफर और नकद समेत अलग-अलग माध्यमों से कुल 32 लाख रुपये हड़प लिए। चरम तब आया जब 2024 में दुर्ग आकर उसने पीड़िता की अनुपस्थिति का फायदा उठाया और उसके घर से 12 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया।
मामला दर्ज होने के बाद बीरेन्द्र लगातार पहचान बदलकर छिपता फिर रहा था। मोहन नगर पुलिस टीम कई दिनों से उसकी ट्रैकिंग कर रही थी और गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन पर उसे दबोच लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Share This Article