भिलाई, वयस्कों को साक्षर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने उल्लास नवभारत साक्षरता महा-परीक्षा का आयोजन किया गया। इसी श्रृंखला में भिलाई-3 क्षेत्र में भी परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भिलाई-3 निवासी अजय पाठक और दया दास साहू ने स्वयंसेवक के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। उन्होंने घर-घर जाकर तथा जन-जागरूकता के माध्यम से नागरिकों को शिक्षा की ओर प्रेरित किया। उनके प्रयासों से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई-3 के पांच तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवबलोदा के छह परीक्षार्थी महापरीक्षा में सम्मिलित हुए। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को आगे चलकर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई-3 केंद्र पर परीक्षा के दौरान केंद्र अध्यक्ष जितेंद्र कुमार मढ़रिया, पर्यवेक्षक खिलावन सिंह देवांगन, जयश्री देवांगन, निशा चंद्राकर, आई.एस. परगनिया, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित संजय कुमार मैथिल तथा गीतांजलि पाठक उपस्थित रहे। वहीं देवबलोदा केंद्र में संकुल समन्वयक धरम यादव, विद्यालय के प्रधान पाठक और शिक्षकगणों ने परीक्षा के संचालन में अपना योगदान दिया। इस पहल ने स्थानीय समुदाय में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।


