टाउनशिप में कार में खतरनाक स्टंट, पुलिस ने की कार्रवाई

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। सेंट्रल एवेन्यू रोड पर तीन कार चालकों द्वारा खतरनाक तरीके से स्टंट करने की घटनाओं ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। नौ दिसंबर की रात, तीनों चालक अपनी कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर सार्वजनिक मार्ग पर यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए स्टंट कर रहे थे। इस घटना का वीडियो एक जागरूक नागरिक ने रिकॉर्ड कर ट्रैफिक पुलिस को सौंपा।
ट्रैफिक पुलिस ने शिकायत के तुरंत बाद 24 घंटे के भीतर सभी वाहनों को चिन्हांकित कर जब्त किया और उन्हें यातायात मुख्यालय में लाकर वैधानिक कार्रवाई की। दस दिसंबर को इसी मार्ग पर एक वाहन बिना नंबर प्लेट और अवैध सायरन बजाते हुए भी पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि आपरेशन सुरक्षा के तहत सड़क पर स्टंट, तेज गति, बिना दस्तावेज वाहन संचालन और अवैध सायरन-फ्लैशर उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के अुनसार कार्रवाई में वाहन सीजी-07 बीयू 4370 के स्वामी पियूष दिक्षित पर धारा 66/192, 184, 179, 130(3) के तहत कार्रवाई, तेज व लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन तथा दस्तावेज न पेश करने पर 7,800 रुपये का चालान किया गया। वहीं वाहन सीजी-07 बीयू 0775 के स्वामी रुशाद एलेन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए 13,800 रुपये का चालान वसूला गया। इसके अलावा वाहन सीजी-04 एलडब्ल्यू 6629 के स्वामी दिशान अग्रवाल पर बिना लाइसेंस, बिना नंबर प्लेट, बिना बीमा, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और अवैध सायरन उपयोग के लिए धारा 146/196, 184, 100, 3/181, 190(2)(सी) के तहत कार्रवाई, 10,300 रुपये का चालान वसूला गया।

Share This Article