“समाज, गांव और परिवार ने मनाया राजेश की उपलब्धि का उत्सव”
भिलाई, गनियारी, शुक्रवार, नगर पालिका निगम भिलाई–चरोदा क्षेत्र के वार्ड क्र. 40, में अग्निवीर प्रशिक्षण पूरा कर लौटे राजेश साहू का भव्य और गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासी, युवा संगठन, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाएं उपस्थित होकर राजेश साहू की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करने पहुंचे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई। तत्पश्चात् राजेश साहू को सम्मान शाल और श्रीफल से अभिनंदन किया गया।
मुख्य वक्ता प्रेम लाल साहू, भाजपा जिला प्रवक्ता भिलाई ने अपने संबोधन में कहा, “अग्निवीर राजेश साहू ने अपने साहस, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से वह कर दिखाया है, जिसका सपना हर देशभक्त युवा देखता है। अग्निवीर योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी राष्ट्ररक्षा नीति का महत्वपूर्ण भाग है। राजेश की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे साहू समाज और छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति का गर्व है। आज राजेश जैसे युवा हमारे देश की सुरक्षा की रीढ़ हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारा समाज सदैव राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन को सर्वोपरि मानता आया है। राजेश ने इन मूल्यों को आत्मसात कर न केवल परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि हर युवा को यह संदेश दिया कि मेहनत, दृढ़ निश्चय और देशभक्ति से कोई भी ऊँचाई प्राप्त की जा सकती है। हम उन्हें हृदय से बधाई देते हैं और उज्जवल सैन्य भविष्य की कामना करते हैं।”
अन्य वक्ताओं ने भी राजेश साहू की उपलब्धि को ग्रामवासी, समाज और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि यह युवा शक्ति को प्रेरित करने वाला उदाहरण है।
समारोह में राजेश के माता–पिता मंजू साहू और इतवारी राम साहू सहित भाजपा नेता प्रेम लाल साहू, पूर्व नपाध्यक्ष सीता साहू, मंडल उपाध्यक्ष रवि नाहर, कांग्रेस नेता ओनी महिलांग, भाजपा नेता राज कुमार साहू, गजानंद गोस्वामी, पूर्व पार्षद लता ठाकुर, साहू समाज गनियारी के अध्यक्ष भीखम चंद साहू, विजय ठाकुर, लोकेश वर्मा, गोविंद साहू, रोशन यादव, लोकनाथ निर्मलकर, अजय ठाकुर, सुनील भारती, विनोद साहू और बड़ी संख्या में युवा साथी एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।


