मुद्दे को सरकार तक पहुँचाने का आश्वासन, मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री से होगी चर्चा
भिलाई। भूमि गाइडलाइन दरों में हुई बेतहाशा वृद्धि से नाराज़ जमीन कारोबारियों, किसानों और आम नागरिकों ने आज बड़ी संख्या में लोकसभा सांसद विजय बघेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, तथा भाजपा चरोदा मंडल अध्यक्ष ए. गौरी शंकर विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2025–26 की नई गाइडलाइन में जमीन के मूल्यों में अत्यधिक वृद्धि कर दी गई है, जिससे छोटे बिल्डरों, जमीन के व्यवसायियों, किसानों और उन आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है जो जीवन में एक बार घर बनाने के लिए जमीन खरीदते हैं। बढ़ी हुई दरों के चलते जमीन का क्रय–विक्रय प्रभावित हो रहा है और आमजन में भारी असंतोष व्याप्त है।
ज्ञापनकर्ताओं ने मांग की कि सरकार बढ़ी हुई दरों पर पुनर्विचार करे और जनता की समस्याओं का समाधान निकाले। इस मौके पर सांसद विजय बघेल ने आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से सरकार के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से चर्चा कर जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह करेंगे। सांसद ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।


