नशे और पुराने मतभेद ने ली भयावह रूप, छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
भिलाई। भिलाई-3 थाना क्षेत्र के वार्ड 40 में बुधवार देर शाम दो भाइयों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक खौफनाक रूप ले बैठा। गोकुल चौक में रहने वाले राजू निर्मलकर की उसके छोटे भाई मुकेश निर्मलकर ने चाकू मारकर हत्या कर दी। दोनों मूलतः पुरैना निवासी हैं और भिलाई में एक ही घर में रहते थे। दोनों ठेका श्रमिक हैं और दोनों विवाहित हैं।
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार शाम की है, जब दोनों भाई शराब के नशे में किसी बात पर झगड़ पड़े। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मुकेश ने चाकू उठाकर बड़े भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजू ने घर के सामने ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पहले से भी विवाद चलता रहा था। मृतक राजू की पत्नी कई वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी। इसी तरह आरोपी मुकेश की पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद राजू की पत्नी मुकेश के साथ रहने लगी और दोनों का एक बेटा भी है, जो अभी ठेका श्रमिक के रूप में काम करता है।परिवार की यही उलझी स्थिति दोनों भाइयों के बीच मनमुटाव का बड़ा कारण मानी जा रही है। बताया जाता है कि घटना वाले दिन किचन बनाने को लेकर बहस शुरू हुई, जो नशे की हालत और पुराने विवादों के कारण हिंसक झगड़े में बदल गई।


