रायपुर। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती, जो ओडिशा के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है, ने प्रेम विवाह के लिए अपने परिवार को किसी तरह राजी कर लिया था। युवती की पहचान ओडिशा के बंधबाहाल निवासी किशन सिंह से कार्य के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए दोनों ने शादी का फैसला किया। युवती ने यह बात परिवारवालों को बताई और काफी समझाने के बाद सभी ने शादी के लिए सहमति दे दी। तय कार्यक्रम के अनुसार 26 नवंबर को सगाई और 27 नवंबर को विवाह होना था। इसके लिए भवन बुक कर लिया गया था।
योजना के अनुसार वर पक्ष को 26 नवंबर दोपहर में पहुंचना था, लेकिन वे निर्धारित समय के बजाय रात करीब दस बजे पहुंचे। तभी युवती और उसके परिवार वालों ने देखा कि दूल्हा किशन शराब के नशे में धुत है। वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और असामान्य व्यवहार कर रहा था। युवती ने दूल्हे की ऐसी हालत देखकर तुरंत शादी से इंकार कर दिया। उसका परिवार भी उसके निर्णय के साथ खड़ा रहा।
शादी टूटने से नाराज युवक ने युवती के परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए युवती और उसके परिजन विवाह स्थल छोड़कर घर लौट गए। उस समय उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की, उम्मीद थी कि मामला शांत हो जाएगा। लेकिन अगले दिन भी वातावरण शांत नहीं हुआ। शाम करीब सात बजे युवक ने युवती के भाई को फोन कर जबरन शादी कराने का दबाव डाला। भाई द्वारा बहन की मर्जी का हवाला देने पर युवक ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर सरकंडा थाने में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


