एसिड से हमला, पाँच आरोपी गिरफ्तार; तीन लोग घायल

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग। दुर्ग शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर में एक दिसंबर की शाम सामाजिक बैठक के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बैठक में शामिल लोगों पर मारपीट कर एसिड फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें प्रार्थी सहित तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पाँच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक अपचारी बालिका भी शामिल है ।

सिद्धार्थ नगर निवासी प्रार्थी हरिशंकर मनहरे ने रिपोर्ट में बताया कि मोहल्ले में रहने वाले संजोग सूर्या तथा उसकी लड़कियों पर अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें लगातार मिल रहीं थीं। इसे लेकर समाजजन पहले भी समझाइश दे चुके थे। लेकिन सुधार न होने पर 1 दिसंबर की शाम काली मंदिर प्रांगण में सामाजिक बैठक आयोजित की गई और संजोग सूर्या को बुलाकर समझाइश देने का निर्णय लिया गया।

प्रार्थी के अनुसार, संजोग सूर्या अपनी तीनों बेटियों, उनकी दो सहेलियों के साथ बैठक स्थल पर पहुंचा और आते ही एक राय होकर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उन्होंने बैठक में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपितों ने एसिड फेंक दिया, जिससे भगदड़ मच गई। एसिड हमले में प्रार्थी हरिशंकर को पेट और सिर के पीछे चोट आई है, जबकि निलेश साण्डेकर को दाहिनी आंख और सोनी कुण्डे को बायीं आंख में जलन और दर्द की शिकायत है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संजोग सूर्या, दिक्षा सूर्या, आईशा कास्या उर्फ भूरी, पलक सहित एक नाबालिक को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Share This Article