एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की बड़ी सफलता, बरामद मोबाइल मालिकों को सौंपे जा रहे
दुर्ग। जिले में गुम मोबाइल की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा जिले के थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने मेहनत और तकनीकी निगरानी के आधार पर वर्ष 2024–25 के दौरान गुम हुए कुल 175 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये है।
टीम ने दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर क्षेत्रों में की गई खोजबीन के दौरान विभिन्न कंपनियों के मोबाइलों का पता लगाया। बरामद मोबाइलों को संबंधित आवेदकों को विधिवत रूप से सौंपने की प्रक्रिया जारी है। इस अभियान में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की भूमिका सराहनीय रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार दुर्ग पुलिस अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट—फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर—पर बरामद मोबाइलों के IMEI नंबरों की सूची भी प्रकाशित करेगी। मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट कराने वाले नागरिक सूची में IMEI नंबर मिलान कर सेक्टर-3 स्थित एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट कार्यालय से अपना मोबाइल प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।


