सड़क यातायात पूरी तरह रहेगा प्रभावित, बीएसपी के भारी वाहन और कर्मचारियों को होगी आवागमन में दिक्कत
भिलाई, रायपुर रेल मंडल द्वारा खुर्सीपार स्थित रेलवे समपार फाटक क्रमांक 440 (किमी 855/08-10), मिडिल लाइन, की आवश्यक मरम्मत के लिए इसे छह दिनों के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। यह समपार फाटक 18 नवम्बर को सुबह 9:00 बजे से 23 नवम्बर की रात 8:00 बजे तक बंद रहेगा। इस अवधि में फाटक से होकर सभी प्रकार का सड़क यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
रेल प्रशासन ने बताया कि समपार फाटक का मरम्मत कार्य रेल यातायात और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। मरम्मत के दौरान किसी भी वाहन को फाटक पार करने की अनुमति नहीं होगी। इस मार्ग का उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में बीएसपी (भिलाई स्टील प्लांट) के भारी वाहन, ट्रेलर और कर्मचारी करते हैं। खासकर-गेट से आने-जाने वाला भारी परिवहन इसी फाटक से गुजरता है। फाटक बंद रहने से बीएसपी के परिवहन तंत्र और कर्मचारियों को अगले छह दिनों तक वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ने की आशंका है।


