स्टेशन प्रबंधन ने की त्वरित एनाउंसमेंट से स्थिति नियंत्रित
भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह अचानक कोच इंडिकेशन डिस्प्ले खराब होने की वजह से कुछ देर के लिए अफरा तफरी की स्थिति मच गई थी। आनन फानन में स्टेशन प्रबंधन द्वारा एनाउंसमेंट कर कोच की स्थिति यात्रियों को बताई गई।
जानकारी के अनुसार आज सुबह 7:35 पर अमृतसर से बिलासपुर गेवरा रोड तक चलने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस दुर्ग रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। जब यह ट्रेन स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 4 पर पहुंची तो कोच की स्थिति बताने के लिए स्टेशन में लगाया गया कोच इंडिकेशन बोर्ड काम करना बंद कर दिया। इसकी वजह से वहां पर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा तफरी की स्थिति मच गई। बताया जाता है कि कोच की सही स्थिति जानकारी लेने के लिए लोग डिस्प्ले को निहारते रह गए परंतु उसमें केवल दुर्ग लिखा ही बता रहा था। इसके बाद अपने कोच की तलाश में यात्री भटकने लगे। जैसे ही स्टेशन प्रबंधन को इसकी जानकारी लगी तो अधिकारी तुरंत हरकत में आए। इसके बाद तुरंत कोच की स्थिति को लेकर एनाउंसमेंट कराया गया। यह भी बताया गया कि तकनीकी कारणों से यह दिक्कत हुई है, असुविधा के लिए यात्रियों से खेद भी जताया गया।